अन्तर्राष्ट्रीय

महारानी के साथ क्रिसमस मनाएंगी प्रिंस हैरी की मंगेतर मेघन मार्केल

लंदन : ब्रिटेन के शाही घराने के लिए यह क्रिसमस बेहद खास होने वाला है, क्योंकि राजकुमार हैरी की मंगेतर मेघन मार्केल अपना क्रिसमस महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ मनाएंगी। ऐसा पहली बार है, जब किसी राजकुमार की मंगेतर को शाही परिवार के साथ क्रिसमस मनाने की अनुमति दी गई है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी अभिनेत्री मेघन और राजकुमार हैरी मई 2018 में शादी करने वाले हैं। मेघन इस पारंपरिक त्योहार में शाही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होंगी। पूरे आयोजन में ब्लैक टाई डिनर, फुल इंग्लिश ब्रेकफास्ट और पीजेंट शूट भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि प्रिंस हैरी ने क्वीन से मेघन को इसमें शामिल होने देने की अनुमति मांगी थी। क्वीन की अनुमति के बाद उन्हें समारोह में आमंत्रित किया गया है।

प्रिंस हैरी ने इस सप्ताह के शुरूआत में शादी की अपनी योजना का खुलासा किया था। हालाकि विवाह की तारीख की घोषणा अब तक नहीं हुई है, लेकिन पूरा आयोजन सेंट जॉर्ज चैपल में अगले साल मई में किया जाएगा। विवाह से पूर्व क्रिसमस में शामिल होने की अनुमति यह दर्शाती है कि किस प्रकार से पूरे शाही परिवार ने मेघन को परिवार के सदस्य के तौर पर स्वीकार कर लिया है। दिलचस्प बात यह है कि प्रिंस विलियम्स से सगाई के बाद केट मिडिलटन को शाही परिवार के साथ क्रिसमस का त्योहार मनाने का न्योता नहीं मिला था। उन्होंने अपने माता पिता के साथ बर्कशायर में क्रिसमस मनाया था।

Related Articles

Back to top button