
सोनीपत: जमीन की सनद तकसीम की कार्रवाई आगे बढ़ाने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरदावर राजेश मलिक को एंटी करप्शन ब्यूरो की सोनीपत टीम ने मंगलवार शाम पुरानी तहसील में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की और आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जमीन की तकसीम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सनद तकसीम की कार्रवाई करीब डेढ़ साल से लंबित थी। इस दौरान कई गिरदावर बदले गए, लेकिन जमीन पर कब्जा दिलाने से जुड़ी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गन्नौर तहसील से तबादला होकर आए हलका गिरदावर राजेश मलिक से संपर्क किया।
कार्रवाई के बदले मांगी 25 हजार की रिश्वत
राजेश मलिक के पास सोनीपत और राई का अतिरिक्त कार्यभार भी था। आरोप है कि उसने जमीन की सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना तैयार की। शिकायतकर्ता को मंगलवार शाम करीब 5 बजे रिश्वत की रकम लेकर पुरानी तहसील पहुंचने के लिए कहा गया।
रुपये देते ही एसीबी ने दबोचा
योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता पुरानी तहसील पहुंचा और जैसे ही उसने राजेश मलिक को 25 हजार रुपये दिए, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
आरोपी गिरदावर के खिलाफ केस दर्ज
रिश्वत लेते पकड़े गए गिरदावर राजेश मलिक के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामला दर्ज कर लिया है। अब मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



