उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ब्रेकिंगराजनीतिराज्य

कोट-पैंट वाले डकैतों के भी पोस्टर लगवाए भाजपा सरकार: संजय सिंह

लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकारों पर जमकर निशाना साधा। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आन्दोलनकारियों के पोस्टर लगाए जा रहे हैं। उनसे वसूली की बात की जा रही है। भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि जनता के पोस्टर चौराहों पर लगाए हैं। श्री सिंह ने कहा कि साढ़े 10 लाख करोड़ रूपए की बैंक डकैती डालने वाले पूंजीपतियों के पोस्टर कब लगाए जाएंगे?

आप नेता ने कहा कि मैं भाजपा वालों को चौलेंज करता हूं कि वह उन लोगों के भी पोस्टर लगाए, जिन लोगों ने आम जनता का पैसा लूटा है। कोर्ट, पैंट और टाई पहनकर आम आदमी को लूटने वाले इन पूंजीपतियों के खिलाफ भी सरकार कार्रवाई करके दिखाए। बैंक घोटालों को लेकर भी संजय सिंह ने सरकार पर हमला बोला। कहा कि आज देश वित्तीय संकट से गुजर रहा है। देश के बैंक बहुत बड़े संकट से जूझ रहे हैं। बैंकों का यह संकट पीएनबी, पीएमबी और यस बैंक तक ही सीमित नहीं रहेगा। अभी हिन्दुस्तान के सारे बैंक बंद होंगे।

कहा कि भाजपा के मित्रों ने बैंक से कर्ज लिया है और भाजपा को चंदा दिया। जिसके चलते बैंकों के एनपीए बढ़ गए। ये उद्योगपति बैंक का पैसा लेकर विदेश में कहीं भी जाकर नागरिकता ले लेते हैं। हालत यह है कि देश के सभी बैंक खाली हो चुके हैं। यह सब सरकार की खराब नीतियों की वजह से है। विजय माल्या, नीरव मोदी समेत कई देश को खंगाल के चले गए। आप ने मांग की है कि जिसका भी कर्ज 50 करोड़ से ज्यादा हो उसका पासपोर्ट रद्द किया जाए।

आप सांसद ने कहा, आज लोगों के सामने सबसे बड़ा संकट अपना पैसा सुरक्षित रखने का है। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि अपनी जमा पूंजी कहां रखें! बैंक बंद हो रहे हैं। घर पर पैसा रखने पर इनकम टैक्स विभाग छापा मार रहा है। जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है। किसान भी परेशान है। संजय सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने पिछले दिनों सदस्यता अभियान चलाया था। जो 23 मार्च तक पूरे उत्तर प्रदेश में चलेगा। अब तक 5 लाख से ज्यादा सदस्य बन चुके हैं। श्री सिंह ने बताया कि 23 मार्च के बाद 3 महीने तक हम जनसंवाद कार्यक्रम चलाएंगे। जिसमें हम जनता को भाजपा सरकार की नाकामी, कानून व्यवस्था ही हकीकत और शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा की जानकारी देंगे।

दिल्ली दंगों को लेकर आप सांसद ने कहा, देश की राजधानी को हिंसा की आग में झोंकने वालों को सामने लाना चाहिए। दंगा फैलाने वाले हर किसी को सजा दिलानी चाहिए, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो। संजय सिंह ने कहा कि जिन लोगों पर आरोप है, उनका नार्को टेस्ट करवाना चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि दंगों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा हिन्दू-मुस्लिम कर रही है। दंगे करने वालो का नार्को टेस्ट कर टीवी पर लाइव दिखाना चाहिए।

श्री सिंह ने कहा कि माहौल शांत होने के बाद सीएम अरविंद केजरवाल, मनीष सिसौदिया और मैंने दिल्ली के दंगा प्रभावित स्थलों का दौरा किया। योगी सरकार के नए कानून को लेकर संजय सिंह ने कहा कि आंदोलन करने वालों के लिए अगर कानून बन रहा है तो पूंजीपतियों के लिए भी कानून बने। कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सांड़ खेत चर रहे हैं। जबकि राजनीतिक सांड़ छुट्टा घूम रहे हैं।

Related Articles

Back to top button