दिल्ली

दिल्ली के विकासपुरी में चलती नहीं, खड़ी बस बनी आग का गोला; हेल्पर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक निजी बस में आग लगने से हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो घटना के समय बस के अंदर ही सो रहा था।

रात में बस के अंदर सो रहा था हेल्पर

पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुनील रात के वक्त बस में ही आराम कर रहा था। इसी दौरान मच्छरों से बचने के लिए उसने अगरबत्ती जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि अगरबत्ती से ही आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को चपेट में ले लिया।

12:35 बजे मिली आग की सूचना, दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं

रात करीब 12 बजकर 35 मिनट पर आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां भेजी गईं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब बस की तलाशी ली गई तो अंदर से सुनील का जला हुआ शव बरामद हुआ।

स्थानीय निवासी ने दी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना

घटना के समय एक स्थानीय व्यक्ति ने बस से आग की लपटें उठती देखीं और तुरंत पुलिस व फायर डिपार्टमेंट को कॉल कर जानकारी दी। समय रहते दमकल कर्मियों के पहुंचने के बावजूद सुनील को बचाया नहीं जा सका।

हरियाणा नंबर की थी बस, 28 दिन पहले ही उतरी थी सर्विस में

पुलिस के अनुसार, आग की चपेट में आई बस हरियाणा नंबर की एक निजी बस थी, जिसे महज 28 दिन पहले ही सर्विस में लाया गया था। हादसे के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button