उत्तराखंड

Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बढ़ा तापमान, रिकॉर्ड गर्म दिन के बाद पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के संकेत

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ नजर आ रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज धूप के कारण दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है और गर्मी का एहसास होने लगा है। सोमवार को प्रदेश का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।

रिकॉर्ड तापमान से बदला मौसम का ट्रेंड
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप रही, जिससे दिन में तपिश बढ़ गई। दून का अधिकतम तापमान 27°C से ऊपर पहुंच गया, जो इस साल का सबसे अधिक स्तर है। पर्वतीय जिलों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़ने से सुबह-शाम की ठंड में कमी आई है।

आज भी शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले दो-तीन दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में पारे के बढ़ने के संकेत हैं।

कल से बदलेगा पहाड़ों का मौसम
बुधवार से पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। आंशिक बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।

Related Articles

Back to top button