अपराधबिहार

मुजफ्फरपुर में STF की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार का इनामी बदमाश मनीष गिरफ्तार, कई लूट कांडों में था शामिल

मुजफ्फरपुर में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने लूट समेत कई संगीन वारदातों में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मनीष कुमार उर्फ मुंशी, सरैया थाना क्षेत्र के मूंगौली का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर जैतपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते वह सफल नहीं हो सका।

तलाशी में मोबाइल, स्मार्ट वॉच और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के बाद तलाशी में आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक स्मार्ट वॉच और 1400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

लगातार लूट की वारदातों में रहा सक्रिय
पुलिस के मुताबिक, मनीष पिछले वर्ष पारू थाना क्षेत्र के बड़ा दाऊद गांव के पास पिस्टल के बल पर एक होंडा शाइन बाइक लूट की घटना में शामिल था। इसके अगले ही दिन उसी बाइक का इस्तेमाल कर सरैया थाना क्षेत्र में एक मेडिकल दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। दोनों मामलों में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।

समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में भी दर्ज हैं कई केस
आरोपी के खिलाफ समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। समस्तीपुर नगर थाना में भी वह वांछित चल रहा था।

साथियों की तलाश में छापेमारी तेज
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम और ठिकानों की जानकारी दी है। पुलिस उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी कर रही है।

रिमांड की तैयारी, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है और लंबित मामलों में उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


Related Articles

Back to top button