दिल्ली

दिल्ली में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा; चोरी की बाइक भी बरामद

नई दिल्ली। राजधानी में दिनदहाड़े युवक से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य जिले के कमला मार्केट थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपी को दबोचा गया, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधी मार्केट, मिंटो रोड निवासी अरशान अली के रूप में हुई है। उसके पास से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

सीसीटीवी फुटेज से खुली वारदात की गुत्थी

मामले में उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि दो अक्टूबर को कमला मार्केट थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान कर ली। बाइक के नंबर के आधार पर पता चला कि वह मोती नगर इलाके से चोरी की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर झपटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button