झारखण्ड

असम के चाय बागानों में आदिवासियों की स्थिति चिंताजनक, केंद्र सरकार के वादे हुए झूठे: CM हेमंत सोरेन

असम विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुमताई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदिवासी मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

गरीब और वंचितों की आवाज दबाई जा रही
खुमताई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में JMM उम्मीदवार अमित नाग के समर्थन में बोलते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि झारखंड सबसे पिछड़ा राज्य है, लेकिन असम के चाय बागान इलाकों को देखकर उनकी राय बदल गई। उन्होंने बताया कि यहां रहने वाले आदिवासियों की स्थिति बहुत खराब है और आज भी उन्हें सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सोरेन ने आरोप लगाया कि देश में गरीब और वंचित लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है और आदिवासियों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।

केंद्र सरकार के वादे पर सवाल
मुख्यमंत्री ने केंद्र की ‘डबल इंजन’ नीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 2023 तक हर गरीब को पक्का मकान देने का वादा किया गया था, लेकिन यह जमीन पर पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसके अलावा उन्होंने महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष करने की अपील की। इस कार्यक्रम में JMM उम्मीदवार अमित नाग और पार्टी के कई नेता व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button