Kerala Hotel Strike: चुनाव के तुरंत बाद केरल में होगा विरोध प्रदर्शन, 6 मई के लिए हुआ बड़ा ऐलान

Kerala hotel strike: पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव खत्म होते ही केरलम राज्य में बड़ा विरोध देखने को मिल सकता है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ होटल और रेस्टोरेंट संचालक सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। बढ़ती लागत के बीच 6 मई को राज्यभर में होटल-रेस्टोरेंट बंद रखने का ऐलान किया गया है, जिससे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो सकती है।
केरल में commercial LPG cylinder की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के खिलाफ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने बड़ा विरोध करने का ऐलान किया है। केरल होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन (KHRA) ने घोषणा की है कि 6 मई को पूरे राज्य में होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे।
यह बंद हाल ही में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में है। बता दें कि 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम करीब 933 से 993 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई कीमतों के बाद तिरुवनंतपुरम में 19 किलो का सिलेंडर 3106 रुपये, कोच्चि में 3085 रुपये और कोझिकोड में 3117 रुपये तक पहुंच गया है।
इस बीच KHRA का कहना है कि लगातार बढ़ती गैस कीमतों से होटल और छोटे रेस्टोरेंट चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। इससे न सिर्फ बड़े होटल प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि सड़क किनारे ठेले और छोटे खाने-पीने के व्यवसाय भी गंभीर संकट में आ गए हैं।
होटल बिजनेस से जुड़े लोगों का कहना है कि पहले से ही सप्लाई चेन की दिक्कतों और मिडिल-ईस्ट तनाव का असर झेल रहे सेक्टर पर यह नई बढ़ोतरी “डबल झटका” है। इससे संचालन लागत तेजी से बढ़ रही है और कई छोटे कारोबार बंद होने की कगार पर हैं।
होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है और बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की अपील की है। उनका कहना है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो उद्योग को और बड़ा नुकसान हो सकता है।



