अमित शाह का 5 साल पुराना सपना हुआ पूरा, बंगाल में भाजपा का ‘मिशन 200’ किया फतह

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में 206 सीट पर जीत दर्ज की। इसी के साथ पार्टी ने 200 सीट से अधिक सीट हासिल करने का अपना वह लक्ष्य हासिल कर लिया है, जो उसने पांच साल पहले राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान तय किया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा में सीटों की कुल संख्या 294 है। हालांकि, सोमवार को मतगणना केवल 293 सीट के लिए की गई, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों के चलते एक सीट पर मतदान रद्द कर दिया था।
वहीं, उत्तर 24 परगना जिले की राजारहाट न्यूटाउन सीट पर मतगणना पूरी हो चुकी है, लेकिन इसका परिणाम घोषित किया जाना अभी बाकी है। भाजपा के मुख्य चुनाव रणनीतिकार माने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी की प्रदेश इकाई के लिए 200 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, पार्टी को केवल 77 सीट पर ही जीत हासिल हुई। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस बार भाजपा उम्मीदवार 206 सीट पर विजयी रहे हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 सीट से संतोष करना पड़ा है। आयोग के अनुसार, कांग्रेस और हुमायुं कबीर के नेतृत्व वाली आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) को दो-दो सीट पर जीत हासिल हुई है। वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) के खाते में एक-एक सीट गई है।



