मध्य प्रदेश

अब मेट्रो में मनाइए बर्थडे पार्टी, केक कटिंग से लेकर छोटे इवेंट तक की सुविधा; जानिए कैसे मिलेगा परमिशन और क्या हैं नियम

इंदौर मेट्रो को यात्रियों के लिए और अधिक आकर्षक बनाने तथा आय बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने एक अनोखी और नई सुविधा की शुरुआत की है। अब यात्री चलती मेट्रो ट्रेन में बर्थडे पार्टी, केक कटिंग और छोटे सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित शुल्क और नियम भी जारी किए गए हैं।

50 लोगों तक के कार्यक्रम की अनुमति, तय किया गया किराया

मेट्रो प्रशासन के अनुसार चलती ट्रेन में अधिकतम 50 लोगों तक के आयोजन की अनुमति दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति चलती मेट्रो में एक घंटे का कार्यक्रम आयोजित करता है तो उसे 7,000 रुपये प्रति घंटे का शुल्क देना होगा। वहीं अगर खड़ी मेट्रो में केवल केक कटिंग या छोटा आयोजन किया जाता है तो उसके लिए 5,000 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

15 दिन पहले करनी होगी बुकिंग, जमा करनी होगी सिक्योरिटी राशि

मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इस सुविधा के लिए स्पष्ट प्रक्रिया तय की है। आयोजन के इच्छुक लोगों को कम से कम 15 दिन पहले बुकिंग करानी होगी, जो ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर स्वीकृत की जाएगी। इसके अलावा आयोजन से पहले 20,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी, जो कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस कर दी जाएगी।

सुरक्षा को लेकर सख्त नियम लागू

मेट्रो प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई प्रतिबंध भी लगाए हैं। सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा जांच प्रक्रिया से गुजरना अनिवार्य होगा। आयोजन के दौरान शराब, बीड़ी, सिगरेट और पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। किसी भी तरह की सुरक्षा नियमों का उल्लंघन सख्ती से रोका जाएगा।

यात्रियों को आकर्षित करने की नई पहल

मेट्रो प्रबंधन के अनुसार इंदौर और भोपाल जैसे शहरों में बदलती लाइफस्टाइल को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि इसका उद्देश्य मेट्रो को केवल परिवहन साधन नहीं, बल्कि लोगों के लिए एक अनुभवपूर्ण जगह बनाना है।

मेट्रो की लागत और यात्रियों को बढ़ाने की चुनौती

जानकारी के मुताबिक इंदौर मेट्रो के संचालन पर प्रतिदिन करीब 8 लाख रुपये का खर्च आ रहा है, जबकि यात्रियों की संख्या अपेक्षानुसार नहीं बढ़ी है। ऐसे में इस तरह की पहल के जरिए मेट्रो को आम लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बनाने और यात्रियों की संख्या बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button