राष्ट्रीय

रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही चारधाम यात्रा, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून : उत्तराखंड (Uttarakhand) की प्रसिद्ध चार धाम यात्रा (Char Dham Yatra) इस बार नए रिकॉर्ड (New Record) की ओर तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए।

चारधाम यात्रा में इस बार केदारनाथ मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। सिर्फ 22 दिनों के भीतर यहां 5.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन और सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है। इसके अलावा बद्रीनाथ मंदिर, गंगोत्री मंदिर और यमनोत्री मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी आमद बनी हुई है।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित इन धामों में मौसम अक्सर चुनौती बन जाता है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए सरकार ने स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और मजबूत किया है। यात्रा मार्गों पर रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भीड़ और मौसम दोनों पर लगातार नजर रखी जा सके। सरकार का कहना है कि पैदल यात्रा मार्गों में सुधार और सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत Kedarnath Temple में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। अब यहां श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ दिव्य और भव्य वातावरण देखने को मिल रहा है, जो बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित कर रहा है।

Related Articles

Back to top button