मेक्सिको में खूनी वारदात, अंधाधुंध फायरिंग में 10 लोगों की मौत, इलाके में दहशत

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के पूर्वी-मध्य राज्य प्यूब्ला में सामूहिक गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है। तेहुइत्ज़िंगो कस्बे में अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 10 लोगों की हत्या कर दी। इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
प्यूब्ला की सार्वजनिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी लोगों को रविवार तड़के गोली मारी गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने किसी संदिग्ध का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। संघीय एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
प्यूब्ला में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
यह पहली बार नहीं है जब प्यूब्ला राज्य में इस तरह की हिंसक घटना सामने आई हो। इससे पहले फरवरी महीने में प्यूब्ला के ह्यूहुएटलान एल ग्रांडे शहर में भी छह लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके कुछ दिनों बाद प्यूब्ला की राजधानी में एक वाहन पर हुए हमले में तीन लोगों की जान चली गई थी।
हाल के महीनों में मध्य मेक्सिको में कार्टेल हिंसा लगातार बढ़ी है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, हिंसा और गैंगवार के चलते करीब 800 से 1000 परिवारों को अपने घर छोड़कर पलायन करना पड़ा है।
गवर्नर की ओर से नहीं आया कोई बयान
घटना को लेकर प्यूब्ला के गवर्नर अलेजांद्रो अर्मेंटा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में अलर्ट पर रखा गया है और हमलावरों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
मेक्सिको लंबे समय से ड्रग कार्टेल और संगठित अपराध से जुड़ी हिंसा की समस्या से जूझ रहा है। कई राज्यों में आपराधिक गिरोहों के बीच संघर्ष और आम नागरिकों पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
यूक्रेन में भी सामने आई थी ऐसी घटना
इसी तरह की एक घटना पिछले महीने यूक्रेन की राजधानी कीव में भी सामने आई थी, जहां एक बंदूकधारी ने सुपरमार्केट में लोगों को बंधक बना लिया था। बाद में हमलावर ने छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया था।
यूक्रेन के गृह मंत्रालय के प्रमुख इहोर क्लिमेंको के अनुसार, पुलिस ने पहले बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहने के बाद विशेष दस्ते को कार्रवाई करनी पड़ी। यह घटना कीव के होलोसिव्स्की जिले में हुई थी।



