अन्तर्राष्ट्रीय

व्हाइट हाउस के पास फिर चली गोलियां: खुद को ‘ईसा मसीह’ बताने वाला हमलावर ढेर, ट्रंप सुरक्षित

वॉशिंगटन: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में शनिवार शाम व्हाइट हाउस के पास अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक आवास और कार्यालय के नजदीक स्थित सुरक्षा जांच चौकी पर एक युवक ने सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया, जबकि एक राहगीर भी घायल हुआ है।

अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी यूएस सीक्रेट सर्विस के मुताबिक घटना शाम करीब छह बजे सेवनटींथ स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में हुई। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध ने अपने बैग से हथियार निकाला और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की।

21 वर्षीय नासिरे बेस्ट की हुई पहचान

घायल हमलावर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने उसकी पहचान 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट के रूप में की है। जांच में सामने आया है कि वह पहले भी व्हाइट हाउस सुरक्षा से जुड़े मामले में पकड़ा जा चुका था।

बताया गया कि जुलाई 2025 में उसने बिना अनुमति व्हाइट हाउस की एक अन्य सुरक्षा चौकी में घुसने की कोशिश की थी। उस दौरान उसने खुद को “ईसा मसीह” बताया था और कहा था कि वह गिरफ्तार होना चाहता है। बाद में अदालत ने उसे उस इलाके से दूर रहने का आदेश दिया था।

ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे

घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे। हालांकि सीक्रेट सर्विस ने स्पष्ट किया कि ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी सुरक्षा अधिकारी को चोट नहीं पहुंची है।

जानकारी के मुताबिक ट्रंप का सप्ताहांत न्यू जर्सी स्थित गोल्फ क्लब में बिताने का कार्यक्रम था, लेकिन उन्होंने अंतिम समय में व्हाइट हाउस में रुकने का फैसला किया था।

राहगीर घायल, जांच में जुटी एजेंसियां

गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उसे हमलावर की गोली लगी या जवाबी कार्रवाई के दौरान वह घायल हुआ। मामले की जांच जारी है।

व्हाइट हाउस में मौजूद पत्रकारों ने भी कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनने की पुष्टि की। इसके बाद सुरक्षा कारणों से सभी को प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर भेज दिया गया।

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि एजेंसी की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

एक महीने में तीसरी बार ट्रंप के आसपास फायरिंग

यह पिछले एक महीने में तीसरी बार है जब डोनाल्ड ट्रंप के आसपास गोलीबारी की घटना सामने आई है। इससे पहले अप्रैल में व्हाइट हाउस संवाददाता संघ के कार्यक्रम के दौरान और मई की शुरुआत में वॉशिंगटन मोन्यूमेंट के पास भी फायरिंग की घटनाएं हुई थीं।

ताजा घटना के बाद व्हाइट हाउस और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button