जीवनशैलीस्वास्थ्य

हार्ट अटैक और दिल की बीमारियों से बचना है? आज ही अपनाएं ये 4 आसान आदतें, लंबे समय तक रहेगा दिल स्वस्थ

नई दिल्ली: बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच दिल की बीमारियां तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। मोटापा, डायबिटीज और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं हृदय रोग के खतरे को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाती हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ आसान बदलाव अपनाकर हृदय को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।

हृदय हमारे शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है, जो पूरे शरीर में रक्त का संचार करता है। रक्त के माध्यम से शरीर के विभिन्न हिस्सों तक ऑक्सीजन और जरूरी पोषक तत्व पहुंचते हैं, जबकि कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकलते हैं। यदि हृदय की सही देखभाल न की जाए तो गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

हृदय को स्वस्थ रखने में जीवनशैली की अहम भूमिका

विशेषज्ञों के अनुसार, अनियमित दिनचर्या और अस्वस्थ खानपान के कारण हृदय रोगों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ आदतों को अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है।

धूम्रपान और शराब से बनाएं दूरी

धूम्रपान और शराब का सेवन रक्तचाप और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को बढ़ा सकता है। इसके साथ ही तनाव का स्तर भी बढ़ता है, जिससे हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि तनाव को कम करने के लिए योग और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे न केवल दिल स्वस्थ रहता है, बल्कि शरीर भी फिट बना रहता है।

रोजाना व्यायाम करना बेहद जरूरी

लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने की आदत हृदय रोगों के खतरे को बढ़ा सकती है। अध्ययनों में पाया गया है कि लगातार दो घंटे से अधिक समय तक बैठे रहने से हृदय रोग, टाइप-2 डायबिटीज और कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए नियमित रूप से व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां करना जरूरी है।

ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल पर रखें नियंत्रण

उच्च रक्तचाप और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल हृदय संबंधी बीमारियों के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इनकी वजह से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के जरिए इन दोनों को नियंत्रित रखा जा सकता है।

दिल को मजबूत बनाने के लिए अपनाएं हेल्दी डाइट

आहार विशेषज्ञों के मुताबिक, ट्रांस फैट से भरपूर खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन हृदय के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे खाद्य पदार्थ हृदय रोगों के जोखिम को बढ़ाते हैं। दिल को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button