पंजाबराज्य

खंडहर इमारत में खूनी संघर्ष! तलवार-चाकुओं से दो दोस्तों पर हमला, 18 वर्षीय युवक की मौत, कई संदिग्ध हिरासत में

मोहाली: पंजाब के मोहाली से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात नयागांव पुल के समीप स्थित एक खंडहर इमारत में दो युवकों पर तलवार और चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को तत्काल चंडीगढ़ के पीजीआई ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

मृतक की पहचान 18 वर्षीय करण के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ के खुड्डा अलीशेर इलाके का निवासी था। वहीं घायल युवक की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

नशे के अड्डे पर विवाद के बाद हुआ हमला

स्थानीय लोगों के मुताबिक नयागांव पुल के पास मौजूद खंडहर इमारत में कुछ युवक अक्सर नशा करने के लिए एकत्रित होते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार रात किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और कुछ युवकों ने करण तथा उसके दोस्त पर तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया।

फोन नहीं उठा तो परिवार को हुई चिंता

मृतक करण के भाई ने बताया कि करण गुरुवार रात घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। कई बार फोन करने के बावजूद उसने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में परिवार को सूचना मिली कि वह नयागांव के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजन तत्काल करण और उसके दोस्त को लेकर पीजीआई ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद करण को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरप्रीत सिंह का इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्धों से पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नयागांव थाना प्रभारी के अनुसार मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button