पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जयपुर में सफल एंजियोप्लास्टी, ब्लड ग्रुप की बड़ी चूक से मचा हड़कंप

जयपुर: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच के लिए जयपुर पहुंचे, जहां एक निजी अस्पताल में उनकी सफल एंजियोप्लास्टी की गई। इस दौरान मेडिकल प्रोटोकॉल में ब्लड ग्रुप से जुड़ी एक बड़ी चूक सामने आई, जिसने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। हालांकि समय रहते गलती का पता चल गया और संशोधित पत्र जारी कर स्थिति को संभाल लिया गया।
ब्लड ग्रुप की गलती से बढ़ी चिंता
पूर्व उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से विशेष मेडिकल प्रोटोकॉल लागू किया गया था। उनके निजी सचिव द्वारा भेजे गए आधिकारिक प्रोटोकॉल में स्पष्ट रूप से ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन जयपुर सीएमएचओ कार्यालय की ओर से एसएमएस अस्पताल प्रशासन को भेजे गए पत्र में गलती से ओ नेगेटिव ब्लड ग्रुप रिजर्व रखने का उल्लेख कर दिया गया।
मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल गलती में सुधार करते हुए संशोधित पत्र जारी किया और सही निर्देश अस्पताल प्रशासन तक पहुंचाए। समय रहते त्रुटि सामने आने से संभावित समस्या टल गई।
सीएमएचओ ने बताया टाइपिंग की गलती
जयपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने इस पूरे मामले को टाइपिंग त्रुटि बताया। उन्होंने कहा कि ओ नेगेटिव ब्लड ग्रुप पूर्व उपराष्ट्रपति की पत्नी का है, जो गलती से जगदीप धनखड़ के नाम के सामने दर्ज हो गया था। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह गलती सामने आई, उसे तुरंत सुधारकर नया पत्र जारी कर दिया गया और चिकित्सा प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
एयरपोर्ट से सीधे पहुंचे अस्पताल
जगदीप धनखड़ शुक्रवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे जवाहर सर्किल स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में प्रारंभिक जांच के बाद उनके कार्डियक और अन्य जरूरी मेडिकल टेस्ट किए गए। चिकित्सकों की सलाह पर दोपहर में एंजियोग्राफी की गई, जिसके बाद एंजियोप्लास्टी करने का फैसला लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, जांच में हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज मिलने पर दो स्टेंट लगाए गए। पूरा कार्डियक प्रोसीजर वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. समीन के. शर्मा की निगरानी में संपन्न हुआ। अस्पताल के मुताबिक, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
राजनीतिक नेताओं ने लिया हालचाल
पूर्व उपराष्ट्रपति के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पहले भी हो चुका है हृदय संबंधी उपचार
यह पहली बार नहीं है जब जगदीप धनखड़ को हृदय संबंधी उपचार से गुजरना पड़ा हो। इससे पहले मार्च 2025 में उन्हें हृदय संबंधी समस्या के कारण नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनका कार्डियक प्रोसीजर किया गया था। वहीं, 12 जनवरी 2025 को तबीयत बिगड़ने और बेहोशी की शिकायत के बाद भी उन्हें एम्स में भर्ती कर एमआरआई समेत कई महत्वपूर्ण जांचें कराई गई थीं। इसके बाद से वह नियमित कार्डियक फॉलो-अप कराते रहे हैं।
5 जुलाई को दिल्ली लौटने का कार्यक्रम
मेडिकल प्रक्रिया के बाद जगदीप धनखड़ फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में जयपुर में ही रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वह 3 और 4 जुलाई को जयपुर में रुकेंगे और स्वास्थ्य में सुधार होने पर 5 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



