उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के शिक्षकों को बड़ी राहत! गाजियाबाद में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ शुरू, 5 लाख तक मिलेगा मुफ्त इलाज

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के लिए बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत हुई है। गाजियाबाद के हिंदी भवन में बुधवार को ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत पात्र शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के चरित्र निर्माण और देश के भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्वयं को केवल वेतनभोगी कर्मचारी नहीं, बल्कि गुरु के रूप में देखें और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दें।

5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार

मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यह योजना शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री योगी का संबोधन भी दिखाया गया

कार्यक्रम के दौरान वाराणसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। उपस्थित शिक्षकों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

शिक्षकों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर बेहतर शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि बच्चों के प्रति शिक्षक की जिम्मेदारी माता-पिता से भी अधिक महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का भविष्य तय होता है।

कार्यक्रम में मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button