चाईबासा में सनसनीखेज डबल मर्डर! घर में सो रहे दंपती का गला रेतकर हत्या, तालाब किनारे मिले शव

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के गंडाकीदा गांव में गुरुवार रात घर में सो रहे पति-पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने की कोशिश में दोनों के शव गांव के तालाब के पास ले जाकर फेंक दिए गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर खून से सने शवों पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
गुरुवार रात डोका सिंकू (44) और उनकी पत्नी गुरुबारी सिंकू (42) भोजन करने के बाद अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुस गए और सो रहे दंपती पर धारदार हथियार से हमला कर उनका गला काट दिया। हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को गांव के तालाब के पास ले जाकर छोड़कर फरार हो गए।
सुबह तालाब के पास मिले खून से सने शव
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे तो वहां खून से सने दो शव पड़े देख स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुमारडूंगी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
जमीन विवाद और डायन बिसाही के एंगल से जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस जमीन विवाद और डायन बिसाही जैसे संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
परिजनों ने जताई अनभिज्ञता
मृतकों के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि दंपती की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



