मनोरंजन

सलमान खान ने SVC 63 के लिए घटाई 50 करोड़ रुपये फीस! सामने आई बड़ी वजह, फैंस भी हुए हैरान

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान अपनी आगामी फिल्म SVC 63 को लेकर लगातार चर्चा में हैं। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 120 करोड़ रुपये से अधिक फीस लेने वाले सलमान खान ने इस फिल्म के लिए अपनी पारिश्रमिक में करीब 50 करोड़ रुपये की कटौती की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए 70 करोड़ रुपये फीस तय की है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता दक्षिण भारतीय निर्देशक वामशी पेडीपल्ली की फिल्म SVC 63 की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण दिल राजू कर रहे हैं। बताया गया है कि अभिनेता ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी सामान्य फीस से लगभग 50 करोड़ रुपये कम लेने का फैसला किया है।

दोस्ती निभाने के लिए लिया बड़ा फैसला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से जुड़े एक अन्य निर्माता रफी काजी और सलमान खान के बीच अच्छी दोस्ती है। कहा जा रहा है कि रफी काजी ने ही सलमान खान को इस प्रोजेक्ट से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी रिश्ते और दोस्ती को ध्यान में रखते हुए अभिनेता ने अपनी फीस में कटौती करने का फैसला किया।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सलमान खान ने निर्माता के साथ अपने संबंधों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया, जिससे फिल्म के बजट को भी राहत मिल सकती है।

ईद 2027 तक रिलीज होने की चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान की इस फिल्म में अभिनेत्री नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में निर्माताओं ने एक पोस्ट साझा कर फिल्म को लेकर उत्साह जताया था और संकेत दिया था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा प्रदर्शन कर सकती है।

फिल्म की रिलीज को लेकर चर्चा है कि इसे ईद 2027 के आसपास सिनेमाघरों में लाया जा सकता है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button