उत्तर प्रदेशराज्य

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा! चिप फैक्ट्री की आग बुझाते समय गिरी दीवार, 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में लगी भीषण आग पर काबू पाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो फायरकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। यह हादसा 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात करीब 3 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, ईकोटेक-3 क्षेत्र में स्थित ILGIM कंपनी में रात करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। इस कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप का निर्माण किया जाता है। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

आग बुझाने के दौरान हुआ बड़ा हादसा

दमकल कर्मी जब आग बुझाने की कार्रवाई में जुटे थे, तभी कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में पांच फायरकर्मी मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

दो फायरकर्मियों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल थे। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायल फायरकर्मियों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button