1000 करोड़ क्लब में बॉलीवुड और साउथ की बराबर हिस्सेदारी, लेकिन कुल कमाई में हिंदी सिनेमा ने मारी बाजी

नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों का क्लब बॉक्स ऑफिस की बड़ी उपलब्धि माना जाता है। एक दौर में इस क्लब में साउथ की फिल्मों का दबदबा ज्यादा दिखाई देता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हिंदी सिनेमा की कई फिल्मों ने भी इस आंकड़े को पार किया है। मौजूदा सूची में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की पांच-पांच फिल्में शामिल हैं। हालांकि, पांचों फिल्मों की कुल कमाई को देखें तो बॉलीवुड का आंकड़ा साउथ सिनेमा से आगे बताया गया है।
भारतीय सिनेमा में 1000 करोड़ क्लब की शुरुआत एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ से हुई थी। 2017 में रिलीज हुई प्रभास की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया। इसके बाद कई बड़ी फिल्मों ने इस क्लब में एंट्री की और 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा भारतीय फिल्मों की कमाई के अहम पड़ाव के तौर पर स्थापित हो गया।
10वें नंबर पर ‘कल्कि’, 9वें पर ‘पठान’
1042 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘कल्कि’ इस सूची में दसवें स्थान पर है। प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन स्टारर यह फिल्म 2024 में रिलीज हुई थी। इसके बाद 1055 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ‘पठान’ नौवें नंबर पर है। 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया था।
‘जवान’ और ‘केजीएफ 2’ ने भी पार किया 1000 करोड़ का आंकड़ा
शाहरुख खान की ‘जवान’ 1160 करोड़ रुपये की कमाई के साथ आठवें स्थान पर है। 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति और रिद्धि डोगरा समेत कई कलाकार नजर आए थे। वहीं यश की ‘केजीएफ 2’ 1215 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ सातवें नंबर पर है। प्रशांत नील के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी।
छठे स्थान पर एसएस राजामौली की ‘आरआरआर’ है, जिसने 1230 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म में राम चरण, जूनियर एनटीआर और आलिया भट्ट प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके बाद रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ 1307 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पांचवें स्थान पर है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी।
‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली 2’ की जबरदस्त कमाई
1788 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ इस सूची में चौथे स्थान पर है। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन सुकुमार ने किया था। वहीं इसी 1788 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘बाहुबली 2’ तीसरे नंबर पर है।
दूसरे स्थान पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ है। मार्च 2026 में रिलीज हुई इस फिल्म ने 1813 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आए।
‘दंगल’ अब भी सबसे ऊपर
इस सूची में सबसे ऊपर आमिर खान की ‘दंगल’ है। 2016 में रिलीज हुई इस फिल्म ने 2070 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म में फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा भी प्रमुख भूमिकाओं में थीं।
कुल कमाई की बात करें तो बॉलीवुड की पांच फिल्में ‘दंगल’, ‘धुरंधर 2’, ‘धुरंधर’, ‘जवान’ और ‘पठान’ मिलकर 7405 करोड़ रुपये की कमाई करती हैं। वहीं साउथ की ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’, ‘आरआरआर’, ‘केजीएफ 2’ और ‘कल्कि’ का कुल कलेक्शन 7017 करोड़ रुपये बताया गया है। यानी फिल्मों की संख्या दोनों पक्षों की बराबर होने के बावजूद कुल कमाई के आंकड़े में बॉलीवुड को बढ़त दी गई है।



