
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बिहार के 7136 उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की राशि जारी की। योजना के चयनित लाभुकों को पहली किस्त के तौर पर दो-दो लाख रुपये दिए गए। पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योजना के लाभुक मौजूद रहे।
एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का ऐलान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार बिहार में उत्पादित सामान की 25 से 40 प्रतिशत तक खरीद करेगी।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार की तस्वीर बदलने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने अगले एक साल में राज्य के सभी कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का भी ऐलान किया।
उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये तक की सहायता
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभुकों को कुल 10 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें पांच लाख रुपये की राशि उद्यमियों को किस्त के रूप में वापस करनी होगी। योजना के तहत मिलने वाली राशि से लाभुक अलग-अलग तरह के कारोबार शुरू कर सकते हैं।
युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार और नए कारोबार के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना में पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज भी शामिल है। सरकार की ओर से इस सहायता के जरिए युवाओं और महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाती है।



