देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस मौके पर उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्मारिका के प्रकाशन पर प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं।
‘गुलदस्ता’ में उत्तराखंड की विकास यात्रा को संजोने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। उन्होंने कहा कि ‘गुलदस्ता’ के जरिए पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।
लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है पत्रकारिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और सरकार की योजनाओं व नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के अलग-अलग वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को प्रमुखता से सामने लाते हैं। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है।
राज्य आंदोलन से विकास यात्रा तक मीडिया का योगदान
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में राज्य के पत्रकारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान उत्तराखंड की विकास यात्रा तक पत्रकारिता जगत ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की उपलब्धियों, स्थानीय प्रतिभाओं, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना से काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से जुड़ी जानकारी दी। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी लगातार काम करता रहेगा।




