उत्तर प्रदेशराज्य

जेल से बाहर आते ही आजम खां को ED ने लिया हिरासत में, 15 गाड़ियों और 50 CRPF जवानों के साथ पहुंची टीम

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां की जेल से रिहाई के कुछ ही देर बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें हिरासत में ले लिया। रामपुर जेल के बाहर पहले से मौजूद ईडी की टीम ने बाहर आते ही उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। हिरासत में लेने के बाद ईडी की टीम आजम खां को गाजियाबाद लेकर रवाना हो गई।

15 गाड़ियों और 50 CRPF जवानों के साथ पहुंची ED की टीम

आजम खां की रिहाई की सूचना मिलते ही ईडी ने रामपुर जेल के बाहर अपनी तैयारी पूरी कर ली थी। करीब आठ अधिकारियों की टीम 15 गाड़ियों के काफिले के साथ जेल पहुंची थी। सुरक्षा के लिए लगभग 50 सीआरपीएफ जवान भी तैनात थे। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

गाड़ी में बैठने से किया इनकार, समर्थकों ने लगाए नारे

आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से बाहर आए तो ईडी अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने अब्दुल्ला आजम को वहां से जाने के लिए कहा, जबकि आजम खां को ईडी की गाड़ी में बैठने के लिए कहा गया। हालांकि, उन्होंने गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया। इस दौरान अधिकारियों और आजम खां के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

मौके पर मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। आजम खां को गाड़ी में बैठाने को लेकर काफी देर तक खींचतान चली और धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। आखिरकार ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।

जमानत मिलने के बाद भी रिहाई को लेकर बना था संशय

आजम खां को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद उनकी जेल से रिहाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। जमानत की खबर सामने आने के बाद ही ईडी ने अजीमनगर थाने में दर्ज भ्रष्टाचार से संबंधित एफआईआर के मामले में उन्हें रिमांड पर लेने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था।

इस मामले में सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित थी और अदालत ने आजम खां को 2 नवंबर को तलब किया था। हालांकि, सुनवाई से पहले ही शनिवार शाम ईडी की टीम रामपुर जेल पहुंच गई और रिहाई के तुरंत बाद उन्हें हिरासत में ले लिया।

Related Articles

Back to top button