राज्य

उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर दी खुशखबरी

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने शनिवार, 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा की। उमर अब्दुल्ला ने तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि कल से एक नई यात्रा की शुरुआत हुई है। वहीं, निधि राजदान ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस रिश्ते की पुष्टि की।

निजी समारोह में हुई शादी, परिवार के लोग रहे मौजूद

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को शादी की। समारोह निजी रखा गया, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य शामिल हुए। शादी से जुड़ी रस्में श्रीनगर और दिल्ली में आयोजित की गईं। उमर अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में निधि राजदान को टैग करते हुए अंगूठी का इमोजी भी साझा किया। इसके जवाब में निधि ने लिखा, ‘इट्स डन ब्रो’।

दोनों की दूसरी शादी, जुलाई में हुआ था उमर का तलाक

उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनका विवाह पायल अब्दुल्ला से हुआ था। दोनों की शादी 1994 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। लंबे समय से अलग रह रहे इस दंपती के विवाह को सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया था।

वहीं, निधि राजदान की भी यह दूसरी शादी बताई जा रही है। वह देश की जानी-मानी पत्रकारों में शामिल हैं और लंबे समय तक एनडीटीवी से जुड़ी रही हैं।

कश्मीरी पंडित परिवार से हैं निधि राजदान

निधि राजदान का संबंध कश्मीरी पंडित परिवार से है। उनके पिता एमके राजदान भी वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं। निधि ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता का प्रशिक्षण हासिल किया। उन्होंने एनडीटीवी में करीब 21 साल तक काम किया और राष्ट्रीय राजनीति तथा समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग के साथ-साथ प्राइम टाइम एंकर के तौर पर भी पहचान बनाई।

हार्वर्ड के नाम पर हुए साइबर धोखाधड़ी मामले से भी आई थीं चर्चा में

साल 2020 में निधि राजदान ने एनडीटीवी छोड़ने का ऐलान किया था। उस समय उन्होंने बताया था कि उन्हें हार्वर्ड विश्वविद्यालय में पत्रकारिता पढ़ाने का प्रस्ताव मिला है। हालांकि, बाद में जांच में यह प्रस्ताव फर्जी निकला और वह एक साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुई थीं। निधि ने जनवरी 2021 में खुद इस मामले की जानकारी सार्वजनिक की थी।

अब उमर अब्दुल्ला के साथ शादी की घोषणा के बाद दोनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला जारी है।

Related Articles

Back to top button