मध्य प्रदेशराज्य

MP के अस्पताल के ICU में नाबालिग मरीज से छेड़छाड़ का आरोप! वार्ड बॉय ने नंबर मांगा, विरोध पर परिवार को दी धमकी

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक निजी अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल होकर आईसीयू में भर्ती 16 वर्षीय छात्रा ने अस्पताल के वार्ड बॉय पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वार्ड बॉय ने इलाज के दौरान छात्रा के साथ गलत हरकत की और मोबाइल देकर उससे फोन नंबर मांगा। परिवार ने जब अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की तो आरोपी ने अपने तीन दोस्तों को बुलाकर परिजनों को डराने-धमकाने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अस्पताल प्रबंधन ने भी आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।

ICU में अकेली थी छात्रा, सुबह 4:15 बजे हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, मामला सागर के बरगद अस्पताल का है। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा 20 नवंबर को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से लौट रही थी। इसी दौरान बरौदा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।

छात्रा का आरोप है कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे जब वह आईसीयू में सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल उसके पास पहुंचा और उसका हाथ पकड़ लिया। नींद खुलने पर आरोपी ने कंबल के ऊपर से उसे गलत तरीके से छुआ। इसके बाद मोबाइल देते हुए कहा कि वह उसे अच्छी लगती है और उससे बात करना चाहता है। उसने छात्रा से फोन नंबर भी मांगा। छात्रा के मना करने के बावजूद आरोपी ने दोबारा गलत हरकत की।

बुआ की बेटी को बताई आपबीती, परिजनों ने किया विरोध

घटना के समय छात्रा के पास परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि इस घटना के बाद वह काफी डर गई थी। शाम को जब उसकी बुआ की बेटी उससे मिलने पहुंची तो छात्रा ने उसे पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की और आरोपी के खिलाफ विरोध जताया।

आरोप है कि शिकायत से नाराज वार्ड बॉय ने दबंगई दिखाते हुए अपने तीन दोस्तों को अस्पताल बुला लिया। परिजनों ने जब आरोपी और उसके साथियों को घेरा तो वे अपनी कार छोड़कर वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि पुलिस को कार से शराब की पेटी भी मिली है।

पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया केस, चारों की तलाश

थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के अगले दिन वार्ड बॉय के खिलाफ शिकायत मिली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी के तीन दोस्तों के खिलाफ अवैध शराब परिवहन का अलग मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, वार्ड बॉय और उसके तीनों साथियों की तलाश की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने भी आरोपी कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button