भोपाल में एक साथ 600 घरों पर चला बुलडोजर! 40 साल से रह रहे लोगों के आशियाने जमींदोज, नए मकानों पर भी बड़ा फैसला

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में सोमवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 600 जर्जर जनता क्वार्टरों को गिराना शुरू कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चल रही इस कार्रवाई के लिए 10 पोकलेन और 50 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि सोमवार शाम 4 से 5 बजे तक सभी मकानों को गिराने का काम पूरा हो जाएगा। ये मकान वर्ष 1980-81 के आसपास बनाए गए थे और साल 2016 में ही इन्हें जर्जर घोषित कर दिया गया था।
पांच दिन की समझाइश के बाद लोगों ने खाली किए मकान
एसडीएम लखन सिंह चौधरी ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड, नगर निगम और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से यह कार्रवाई कर रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड ने यहां करीब 600 मकान बनाए थे, जो काफी पुराने और ढांचागत रूप से कमजोर हो चुके थे। वर्ष 2016 में ही इन्हें असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके बाद से ही लोगों को मकान खाली करने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने घर छोड़ने से इनकार कर दिया था।
अधिकारी के मुताबिक, पिछले पांच दिनों से पुलिस, प्रशासन, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की टीमें लगातार इलाके में पहुंचकर लोगों को समझा रही थीं। उन्हें जर्जर इमारतों में रहने के खतरों के बारे में बताया गया। इसके बाद लोगों ने प्रशासन की बात मानते हुए अपनी मर्जी से मकान खाली करने पर सहमति जताई।
वैध कब्जाधारियों को मिलेंगे पुराने से बड़े मकान
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। एसडीएम के अनुसार, जिन लोगों के पास मकानों में वैध रूप से रहने के दस्तावेज हैं, उन्हें नए मकान दिए जाएंगे। खास बात यह है कि नए मकानों में उन्हें पुराने घरों के मुकाबले 20 प्रतिशत अधिक जगह मिलेगी।
हालांकि, अवैध रूप से कब्जा करके रहने वाले लोगों के लिए फिलहाल नए मकान देने का कोई प्रावधान नहीं है। वहीं, नोटरी के माध्यम से मकान खरीदने वाले और पंजीकृत मालिकाना दस्तावेज नहीं रखने वाले लोगों के मामलों पर अधिकारी ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई मामला प्रशासन के संज्ञान में नहीं आया है। यदि इस तरह का मामला सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोटरी पर घर खरीदने वालों की बढ़ी परेशानी, सरकार से मांगी जगह
बुलडोजर कार्रवाई के बीच स्थानीय निवासी राशिद ने उन परिवारों की चिंता जाहिर की है, जिन्होंने नोटरी समझौते के आधार पर मकान खरीदे थे। उनका कहना है कि प्रशासन को पहले सभी प्रभावित लोगों के लिए नए घरों की व्यवस्था करनी चाहिए थी और उसके बाद पुराने मकानों को गिराना चाहिए था।
राशिद के मुताबिक, वह लंबे समय से इस इलाके में रह रहे हैं और करीब पांच-छह साल पहले उन्होंने 1.30 लाख रुपये में नोटरी समझौते के जरिए एक मकान खरीदा था। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह घर गुलाम रसूल से खरीदा था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि गुलाम रसूल ने इसे किससे खरीदा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि नोटरी के दस्तावेजों को मान्यता नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। राशिद ने बताया कि उन्होंने रविवार रात ही अपना पूरा सामान घर से बाहर निकाल लिया था। उनकी मांग है कि सरकार प्रभावित परिवारों के रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराए।



