
जयपुर: राजस्थान के 37 जिलों में बुधवार को जिला प्रमुख के चुनाव होने जा रहे हैं। पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब जिला परिषदों में सत्ता की तस्वीर साफ होगी। 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख चुने जाएंगे। चुनाव के बाद प्रदेश के सभी 37 जिलों को नए जिला प्रमुख मिल जाएंगे।
इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी, हालांकि कई जिलों में निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्य भी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं और उम्मीदवारों के नाम को लेकर अंतिम दौर की चर्चा जारी है। माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात तक प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए जाएंगे।
नामांकन के समय सामने आ सकते हैं उम्मीदवारों के नाम
बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही आखिरी समय में उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कई जिलों में नामांकन के दौरान ही प्रत्याशी का नाम सामने आने की संभावना है। इसके पीछे पार्टी के अंदर विरोध, सदस्यों की नाराजगी और विपक्षी खेमे को रणनीति की जानकारी मिलने से रोकने की कोशिश मानी जा रही है।
जिला प्रमुख चुनाव के लिए बुधवार सुबह 10 बजे जिला परिषदों में सभी निर्वाचित सदस्यों की बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लेने का समय रहेगा। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
दोपहर 3 बजे से मतदान, शाम तक आएंगे नतीजे
जिला प्रमुख चुनाव के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद तुरंत वोटों की गिनती शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि प्रदेश की जिला परिषदों की कमान किस दल के हाथ में जाएगी।
23 जिलों में कांग्रेस मजबूत, बीजेपी पांच जगह बहुमत में
37 जिला परिषदों के चुनावी नतीजों में कांग्रेस का प्रदर्शन बीजेपी से बेहतर रहा है। कांग्रेस को 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि बीजेपी केवल पांच जिला परिषदों में अपने दम पर जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में है।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को नागौर में स्पष्ट बहुमत मिला है और पार्टी यहां अपना जिला प्रमुख बनाने की तैयारी में है। वहीं, आठ जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इन जिलों में निर्दलीय सदस्य सत्ता की चाबी अपने हाथ में रखेंगे।
बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में जिला प्रमुख की कुर्सी राजनीतिक समीकरण और समर्थन जुटाने की रणनीति से तय होगी।
निर्दलीयों पर बीजेपी-कांग्रेस की नजर, जोड़तोड़ तेज
जिन जिलों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीय सदस्यों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी हैं। बीजेपी ने उन जिला परिषदों में भी बहुमत जुटाने की कवायद तेज कर दी है, जहां चुनाव परिणाम उसके अनुकूल नहीं रहे।
वहीं कांग्रेस भी अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने में लगी हुई है। ऐसे में आखिरी समय तक कई जिलों में राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना बनी हुई है।
हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों से गरमाई राजनीति
जिला प्रमुख चुनाव से पहले राजस्थान की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस ने बीजेपी पर जिला परिषद सदस्यों को प्रलोभन देने, हॉर्स ट्रेडिंग करने और पुलिस-प्रशासन के इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भरतपुर में तीन जिला परिषद सदस्यों को उठा ले जाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी बहुमत जुटाने के लिए अनुचित तरीकों का सहारा ले रही है।
दूसरी तरफ बीजेपी अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने और निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने में जुटी है। जिन जिलों में बहुमत का आंकड़ा साफ नहीं है, वहां आखिरी वक्त तक सियासी हलचल जारी रहने की संभावना है।
दलबदल कानून नहीं होने से बढ़ता है राजनीतिक खेल
पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है। ऐसे में जिला परिषद सदस्य किसी दूसरी पार्टी के समर्थन में जा सकते हैं और इसके बावजूद उनकी सदस्यता पर कोई असर नहीं पड़ता।
विधानसभा और संसद चुनावों की तरह यहां पार्टी व्हिप भी प्रभावी नहीं होता। यही वजह है कि जिला प्रमुख चुनाव में केवल चुनावी नतीजे ही अंतिम फैसला तय नहीं करते। कई बार कम संख्या होने के बावजूद कोई दल रणनीति और समर्थन जुटाकर सत्ता हासिल कर लेता है।
चूरू में राजेंद्र राठौड़ की प्रतिष्ठा दांव पर
इन जिला प्रमुख चुनावों को बीजेपी और कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के राजनीतिक प्रभाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। चूरू में बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख पद की दावेदार हैं।
ऐसे में चूरू जिला परिषद का चुनाव राठौड़ की राजनीतिक प्रतिष्ठा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे उनके राजनीतिक भविष्य और सियासी वापसी की संभावनाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सामने अपना जिला प्रमुख बनाने की चुनौती है। पार्टी को यहां स्पष्ट बहुमत मिला है। बुधवार को होने वाला चुनाव सिर्फ जिला परिषदों के नए मुखिया चुनने की प्रक्रिया नहीं होगा, बल्कि बीजेपी और कांग्रेस के संगठनात्मक प्रभाव, नेताओं की पकड़ और निर्दलीय सदस्यों की भूमिका की भी परीक्षा होगी।



