
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके जाने के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। AAP ने आरोप लगाया कि एक तरफ नेपाल के Gen-Z आंदोलन के प्रमुख चेहरे को सम्मान दिया जा रहा है, वहीं भारत में युवाओं के आंदोलनों को राष्ट्र विरोधी बताकर दबाने की कोशिश की जा रही है।
सौरव दास ने दावा किया है कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया। वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘कॉकरोच आंदोलन’ को लेकर भाषण देने के लिए आमंत्रित किए गए थे।
AAP ने केंद्र सरकार पर लगाए दोहरे रवैये के आरोप
आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार खुद को आलोचनाओं से प्रभावित नहीं होने वाली बताती है, लेकिन सोशल मीडिया पर आलोचना करने वालों को लेकर काफी सक्रिय रहती है।
उन्होंने कहा कि जब कोई युवा विदेश में जाकर अपनी बात रखता है तो सरकार असहज हो जाती है। भारद्वाज ने दावा किया कि करीब 26-27 साल के युवा को विदेश में भाषण देने से रोकना सरकार की घबराहट को दिखाता है।
‘नेपाल के Gen-Z नेता का स्वागत, भारत के युवाओं को बताया जा रहा विरोधी’
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नेपाल के Gen-Z आंदोलन के प्रमुख चेहरे बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका स्वागत किया गया, जबकि भारत में Gen-Z आंदोलन से जुड़े लोगों को राष्ट्र विरोधी बताया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सोशल मीडिया पर कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं और ऐसे लोगों से जुड़े वीडियो व अन्य सामग्री हटाई जाती है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति विदेश जाकर अपनी बात रखता है तो अंतरराष्ट्रीय मीडिया और संस्थानों का ध्यान स्वाभाविक रूप से जाता है।
सौरव दास ने लगाया एयरपोर्ट पर रोके जाने का आरोप
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आधी रात करीब एक बजे उनकी फ्लाइट थी, लेकिन इमिग्रेशन जांच के दौरान उन्हें रोक दिया गया। दास ने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबरा जैसे संस्थानों में ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था।
उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन सरकार बौद्धिक चर्चा से डर रही है।
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होने का दावा
सौरव दास ने कहा कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के छात्र संघ की ओर से उन्हें एक चर्चा में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने दावा किया कि विदेशों में आयोजित इन कार्यक्रमों में वह भारत में चल रहे ‘कॉकरोच आंदोलन’ से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने वाले थे।
फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने जहां केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं, वहीं सौरव दास के दावों को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।



