वीरता पुरस्कार विजेताओं को मोदी सरकार का बड़ा तोहफा, अब वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में कर सकेंगे मुफ्त सफर

iनई दिल्ली: देश के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले सैन्यकर्मियों के सम्मान में केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को अब वंदे भारत सहित देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद पहले से मिल रही इस सुविधा का विस्तार किया है। खास बात यह है कि नई व्यवस्था लागू होने के बावजूद पुरस्कार विजेताओं के मौजूदा यात्रा अधिकारों में कोई कटौती नहीं की गई है।
भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा की। सेना के मुताबिक, वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी जाने वाली मुफ्त रेल यात्रा सुविधा का दायरा बढ़ाकर अब सभी ट्रेनों तक कर दिया गया है। इससे पहले कुछ विशेष श्रेणियों और ट्रेनों के लिए अलग-अलग नियम लागू थे।
वंदे भारत समेत किसी भी ट्रेन में मुफ्त यात्रा की सुविधा
भारतीय सेना ने इस फैसले को देश के वीर जवानों के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल बताया है। नई व्यवस्था के तहत पात्र पुरस्कार विजेता अब वंदे भारत सहित सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
सेना के अनुसार, यह निर्णय रेलवे और रक्षा मंत्रालय की उस साझा प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है, जिसके तहत देश के लिए असाधारण वीरता दिखाने वाले सैनिकों और उनके योगदान को उचित सम्मान दिया जाता है।
परमवीर चक्र से शौर्य चक्र तक, ये हैं छह प्रमुख वीरता पुरस्कार
देश में सैन्य वीरता और असाधारण साहस के लिए छह प्रमुख चक्र पुरस्कार दिए जाते हैं। स्वतंत्रता के बाद सरकार ने सबसे पहले परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र की शुरुआत की थी। इनकी स्थापना 26 जनवरी 1950 को हुई थी, लेकिन इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया।
बाद में तीन अन्य वीरता पुरस्कार भी शुरू किए गए। इन छह पुरस्कारों का वरीयता क्रम इस प्रकार है:
- परमवीर चक्र
- अशोक चक्र
- महावीर चक्र
- कीर्ति चक्र
- वीर चक्र
- शौर्य चक्र
पहले कॉम्प्लिमेंट्री पास के जरिए मिलती थी मुफ्त यात्रा
रेलवे की पुरानी व्यवस्था के तहत इन पुरस्कारों के पात्र विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास जारी किए जाते थे। इनके माध्यम से उन्हें जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। हालांकि, पहले यह सुविधा ट्रेन और यात्रा श्रेणी के हिसाब से निर्धारित नियमों के अधीन थी।
फरवरी 2014 में रेलवे ने परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के पास की सुविधा का विस्तार करते हुए राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों के प्रथम वातानुकूलित और एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा की अनुमति दी थी।
इसके बाद अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी इसी तरह की मुफ्त रेल यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया। अब सरकार ने इसे सभी ट्रेनों तक विस्तारित कर दिया है। इस फैसले से चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए रेल यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।



