5 बड़ी परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी, 19,934 करोड़ रुपये का निवेश; CIE मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के लिए 11,000 करोड़

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश में विनिर्माण और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को पांच बड़ी परियोजनाओं और योजनाओं को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 19,934 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (CIE) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्कीम को दिया गया है, जिसके लिए 11,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का फोकस देश में बड़ी निर्माण मशीनों और उनके पुर्जों का घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर है। ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत क्रेन, बुलडोजर जैसी भारी मशीनरी के साथ-साथ उनके सब-सिस्टम और कंपोनेंट्स के भारत में निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के लिए भारत को मजबूत मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है। इससे घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार के अनुसार, इससे बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी और समुद्री व्यापार को गति मिलेगी।
इसके अलावा असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
डाक विभाग की योजनाओं को भी मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं को भी मंजूरी दी है। पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम के लिए 1,141 करोड़ रुपये और एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम के लिए 1,491 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए डाक सेवाओं को आधुनिक बनाने, संचालन व्यवस्था को बेहतर करने और विभागीय संपत्तियों के प्रबंधन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कैबिनेट के इन फैसलों को देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, घरेलू विनिर्माण और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



