उत्तर प्रदेश

यूपी में आतंकी साजिश का बड़ा अलर्ट! कांवड़ यात्रा, विधानसभा और सीएम आवास समेत संवेदनशील ठिकानों पर सुरक्षा कड़ी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री आवास, विधानसभा, कांवड़ यात्रा मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आतंकवाद निरोधक दस्ता सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े उत्तर प्रदेश के कुछ युवकों के बारे में मिले सुरागों के आधार पर गहन जांच में जुटा है। साथ ही एटीएस कमांडो को भी सक्रिय कर दिया गया है। देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार संदिग्धों से जुड़े नेटवर्क की परतें खंगाली जा रही हैं।

एटीएस ने बलरामपुर से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी शहरोज को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की है। जांच एजेंसी अब तक पकड़े जा चुके करीब डेढ़ दर्जन संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आवागमन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े इन कट्टरपंथी युवकों की किन-किन शहरों में सक्रियता रही और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। इनके करीबी लोगों की भी पहचान की जा रही है।

200 से ज्यादा संदिग्धों से हो चुकी पूछताछ

जांच के दौरान अब तक 200 से अधिक संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा चुकी है। एजेंसियों को आशंका है कि अलग-अलग समूहों के माध्यम से जुड़े संदिग्धों तक हथियार और विस्फोटक भी पहुंचाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि बलरामपुर निवासी शहरोज को मुंबई से राजस्थान भेजा गया था, जहां उसे हथियार और विस्फोटक हासिल करने थे। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले पाकिस्तानी नंबरों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

कुलगाम आतंकी घटना के बाद बढ़ी चौकसी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को हुई आतंकी घटना के बाद मिले खुफिया इनपुट के आधार पर उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, संभावित हमलों की साजिश के पीछे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क की भूमिका होने की आशंका जताई गई है। इसके बाद लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा समेत कई जिलों में अतिरिक्त चेकिंग और निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार रात पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही एटीएस को लखनऊ और कांवड़ यात्रा से जुड़े जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

आईएसआई के इशारे पर मॉड्यूल तैयार करने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, कुलगाम में हुई आतंकी वारदात के बाद मिले इनपुट में यह आशंका जताई गई है कि आईएसआई के इशारे पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने उत्तर प्रदेश में कट्टरपंथी युवकों के कई मॉड्यूल तैयार किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इन्हीं संदिग्ध समूहों में से एक ने बिजनौर में वाहन में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद एटीएस ने अपनी कार्रवाई तेज की थी।

डेढ़ दर्जन संदिग्ध गिरफ्तार, विधानसभा सत्र से पहले सुरक्षा और कड़ी

पिछले ढाई महीनों में शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें बलरामपुर से पकड़ा गया शहरोज भी शामिल है, जिससे एटीएस लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह मुंबई में रह रहा था और शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि संदिग्धों को उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हमलों से जुड़े विभिन्न कार्य सौंपे गए थे। सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button