बिहारराज्य

शीतलहर की चपेट में बिहार, इन जिलों में जारी किया गया ऑरेंज अलर्ट; गया में 4 डिग्री ठंड की मार

पटना: बिहार में इन दिनों काफी ठंड पड़ रही है, जिसके कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस कड़ाके की ठंड के कारण लोग अपने-अपने घरों में दुबक कर रहने को विवश है। राज्य भर में कोल्ड डे और कुहासे के बीच ठंड और प्रचंड हो गई है। वहीं, रविवार को भी मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के 22 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग ने राजधानी पटना, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, वैशाली, कटिहार, किशनगंज, अररिया, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सारण समेत 22 जिलों में शीत दिवस का अलर्ट जारी किया है। 24 जनवरी तक भीषण ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पछुआ के कारण सुबह-शाम कनकनी रहेगी। इस दौरान घने स्तर का कुहासा भी देखने को मिलेगा। दिन के तापमान में भले ही थोड़ी राहत मिले, लेकिन रात में 04 से 08 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने की संभावना है। रविवार को राज्य के अधिकतर जिलों में घना कोहरा का येलो अलर्ट है।

इधर, शनिवार को पूर्णिया, जीरादेई, छपरा, भागलपुर, कैमूर, दरभंगा, बक्सर, बांका शीत लहर की चपेट में रहे। 4.0 डिग्री सेल्सियस के साथ गया इस सीजन का सबसे ठंडा शहर रहा। शनिवार को गया का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना सहित सूबे के 23 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा।

आज भी बिहार की रात सर्द रहने वाली है। बता दें कि बिहार में नए साल की शुरुआत से ही कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। घने कोहरे और शीतलहर की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कोहरे के चलते हवाई उड़ानों और ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button