उत्तराखंडहिमाचल प्रदेश

काम करने वालों को चुनिए, कारनामे करने वालों को नहीं: पुष्कर सिंह धामी

शिमला: हिमाचल प्रदेश के नेरवा में चौपाल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलबीर सिंह वर्मा के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि काम करने वालों को चुनिए, कारनामे करने वालों को नहीं। उन्होंने कहा कि जब चुनाव से छह महीने पहले उन्हें उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था तो राजनीतिक पंडितों ने कहा था कि वह गलत समय में मुख्यमंत्री बन गए हैं। भाजपा को 20 सीटें भी नहीं मिलेंगी। वैसे भी उत्तराखंड बनने के बाद हुए चारों विधानसभा चुनावों में जनता सरकार बदलती आई थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व व नीतियों में उत्तराखंड की जनता को पूर्ण आस्था थी। लिहाजा उत्तराखंड में प्रचण्ड बहुमत से पुनः भाजपा की सरकार बनी। इस बार हिमाचल में भी सरकार नहीं रिवाज बदलेगा।

धामी ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार होने का बहुत फायदा होता है। विकास तीव्र गति से होता है। यह डबल इंजन की सरकार का ही कमाल है कि हिमाचल प्रदेश में घर घर उज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर, घर घर में नल का जल, घर घर शौचालय व प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का क्रियान्वयन हो सका। उन्होंने कहा कि 2020 से केंद्र सरकार की ओर से गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह मुफ्त राशन वितरित किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगली बार बलबीर सिंह वर्मा मात्र विधायक ही नहीं रहेंगे, उनकी तरक्‍की होगी। आप लोगों की भावनाएं आला कमान तक पहुंचा दी जाएंगी।

इस अवसर पर चौपाल के विधायक बलबीर सिंह वर्मा, उत्तराखंड भाजपा प्रदेश प्रभारी आदित्य कोशारी, चकराता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रही मधु चौहान, उत्तराखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता दान सिंह रावत, विक्रम कंडारी, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता शशि दत्त शर्मा, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र तंगडाईक भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button