DA Hike: अरुणाचल प्रदेश सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा फायदा

केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद अब राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने में जुट गई हैं। इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए सरकारी कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए डीए और डीआर बढ़ाने का ऐलान किया है।
राज्य सरकार ने सातवें वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है। यह निर्णय 6 मई 2026 को लिया गया।
1 जनवरी 2026 से लागू होगी बढ़ोतरी
सरकारी आदेश के मुताबिक बढ़ा हुआ डीए और डीआर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। यानी कर्मचारियों और पेंशनर्स को मई 2026 के वेतन और पेंशन के साथ बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही जनवरी से अप्रैल 2026 तक का एरियर भी दिया जाएगा।
एक लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा लाभ
अरुणाचल प्रदेश सरकार के इस फैसले से करीब 69,248 सरकारी कर्मचारियों और 40,477 पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। यानी कुल मिलाकर एक लाख से अधिक लोग इस बढ़ोतरी से लाभान्वित होंगे।
सरकार के अनुसार इस फैसले से राज्य के खजाने पर हर साल करीब 100.54 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वहीं जनवरी से अप्रैल तक के एरियर भुगतान पर लगभग 33.51 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे।
इन कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अखिल भारतीय सेवा (AIS) अधिकारियों, राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों और अरुणाचल प्रदेश में कार्यरत केंद्र सरकार के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
सरकार का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
राजस्थान सरकार भी दे चुकी है राहत
इससे पहले राजस्थान सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डीए और डीआर में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की थी।
राजस्थान में इस फैसले के बाद महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी भी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी गई है।
राजस्थान सरकार के फैसले से करीब 7.02 लाख कर्मचारियों और 5.44 लाख पेंशनर्स को फायदा मिला है। कुल मिलाकर 12 लाख से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलने जा रहा है।



