दिल्ली

दिल्ली में गर्मी का टॉर्चर हुआ शुरू, बूंदाबांदी के बावजूद 37 डिग्री पहुंचा पारा

Delhi Weather: राजधानी के कई इलाकों में बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया। वहीं, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को तेज धूप निकली। 10 बजे के बाद कई इलाकों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। 11 बजे के आसपास सफदरजंग, पालम, रिज और पीतमपुरा मौसम केन्द्र में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि, बारिश से तापमान पर खास फर्क नहीं पड़ा।

बूंदाबांदी के बाद आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। इससे अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। सफदरजंग मौसम केन्द्र में बुधवार दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे ज्यादा गर्म दिन है। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का स्तर 82 से 33 फीसदी तक रहा। गुरुवार की शाम मौसम में बदलाव आ सकता है। हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

पूरे उत्तर भारत पर अगले तीन दिनों के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके चलते उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बारिश होगी। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश, बूंदबांदी, मेघ गर्जन, गरज चमक जैसी मौसमी गतिविधियां होंगी। इसके चलते शुक्रवार से तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी के साथ 177 अंक पर रहा।

नजफगढ़ दिन के समय सबसे अधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, राजघाट क्षेत्र की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। यहां का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

Related Articles

Back to top button