मनोरंजन

वीकेंड OTT वॉच लिस्ट में शामिल करें ये 7 क्राइम थ्रिलर फिल्में, रहस्य और ऐसे ट्विस्ट जो आखिरी पल तक बांधे रखेंगे

नई दिल्ली: अगर वीकेंड पर ऐसी फिल्में देखने का मन है जिनकी कहानी शुरुआत से आखिर तक उत्सुकता बनाए रखे, तो साइकोलॉजिकल और क्राइम थ्रिलर फिल्मों की यह सूची आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। इन सात फिल्मों में रहस्य, अपराध, मानसिक उलझन और अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिलते हैं। खास बात यह है कि इन सभी फिल्मों को IMDb पर अच्छी रेटिंग मिली है।

फाइट क्लब

इस सूची में सबसे ऊपर 1999 में रिलीज हुई ‘फाइट क्लब’ है, जिसे IMDb पर 8.8 रेटिंग मिली है। डेविड फिंचर के निर्देशन में बनी फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पूंजीवादी जीवनशैली से परेशान है और अनिद्रा की समस्या से जूझ रहा है। उसकी मुलाकात साबुन बेचने वाले एक व्यक्ति से होती है। इसके बाद दोनों मिलकर एक अंडरग्राउंड फाइट क्लब शुरू करते हैं।

टैक्सी ड्राइवर

1976 में रिलीज हुई ‘टैक्सी ड्राइवर’ को IMDb पर 8.2 रेटिंग मिली है। मार्टिन स्कॉर्सेसे के निर्देशन में बनी यह फिल्म पूर्व नौसैनिक ट्रैविस की कहानी है, जो न्यूयॉर्क में टैक्सी ड्राइवर के तौर पर काम करता है। कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब वह एक कम उम्र की प्रॉस्टिट्यूट को बचाने का फैसला करता है।

बदला

2019 में रिलीज हुई ‘बदला’ को IMDb पर 7.8 रेटिंग मिली है। फिल्म में अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी नैना की है, जो शादीशुदा होने के बावजूद अर्जुन नाम के युवक के साथ रिश्ते में है। हालात तब पूरी तरह बदल जाते हैं, जब नैना पर अर्जुन की हत्या का आरोप लग जाता है। इसके बाद बादल गुप्ता उसकी बेगुनाही साबित करने की कोशिश करता है।

फॉरगॉटन

2017 में आई कोरियाई फिल्म ‘फॉरगॉटन’ को IMDb पर 7.4 रेटिंग मिली है। कहानी जिन-सियोक और उसके भाई के इर्द-गिर्द घूमती है। नए घर में आने के बाद जिन-सियोक का भाई अचानक किडनैप हो जाता है। 19 दिन बाद उसकी वापसी होती है, लेकिन उसे बीते घटनाक्रम की कोई याद नहीं रहती। इसके बाद जिन अपने भाई से जुड़े सच का पता लगाने में जुट जाता है।

मारीसन

2025 की तमिल क्राइम थ्रिलर ‘मारीसन’ को IMDb पर 7.4 रेटिंग मिली है। कहानी एक शातिर चोर की है, जो चोरी करने के इरादे से एक घर में पहुंचता है। वहां उसे एक बुजुर्ग व्यक्ति बंधा हुआ मिलता है। बुजुर्ग खुद को घर का मालिक बताता है और उसे छुड़ाने के बदले एटीएम से पैसे देने की बात करता है। इसके बाद दोनों की एक अलग तरह की यात्रा शुरू होती है।

कांथा

‘कांथा’ को IMDb पर 7.2 रेटिंग मिली है। सेल्वमणि सेल्वराज के निर्देशन में बनी यह तमिल फिल्म 1950 के मद्रास की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी दिग्गज निर्देशक आर्या और उनकी फिल्म के अभिनेता टी. के. महादेवन के बीच दुश्मनी के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।

द कॉल

सूची की सातवीं फिल्म ‘द कॉल’ है, जिसे IMDb पर 7.1 रेटिंग मिली है। 2020 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन ली चुंग-ह्योन ने किया था। कहानी में एक लड़की को फोन आता है, जिसमें दूसरी लड़की खुद को परेशान किए जाने की बात बताती है। मामले की जांच के दौरान पता चलता है कि फोन उसी घर से आ रहा है, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि फोन वर्ष 1999 से किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button