झारखण्ड

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, एक महिला समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत; IMD ने बारिश को लेकर जताया अनुमान

लोहरदगा/मेदिनीनगर: झारखंड में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, लातेहार में दो और पलामू जिले में एक व्यक्ति की जान गई है। अलग-अलग घटनाओं में लोगों के आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हुई।

लातेहार में बक्साइट डंपिंग यार्ड में हादसा

पुलिस ने बताया कि कुर्से गांव निवासी अयूब अंसारी (55) बक्साइट डंपिंग यार्ड में थे, तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मवेशियों के लिए घास काटकर लौट रही थीं महिला

भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि अकाशी गांव की रहने वाली कोयली उरांव (49) मवेशियों के लिए घास काटकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई।

पलामू में 50 वर्षीय व्यक्ति की गई जान

पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कुलदीप यादव के रूप में हुई है। उन्हें हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

17 सितंबर से चार दिनों तक बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 सितंबर से अगले चार दिनों तक झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। बारिश के साथ आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button