छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी को PM मोदी का पत्र, चुनावी जीत के पीछे बताई ‘प्रो-इनकंबेंसी’ और जनसमर्थन की ताकत

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में एनडीए को मिली सफलता पर छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी को पत्र लिखकर आभार जताया है। पत्र में प्रधानमंत्री ने चुनावी जनादेश के पीछे जनता के समर्थन और विश्वास को निर्णायक ताकत बताया है।

चुनावी नतीजों पर PM मोदी का विश्लेषण
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि जहां-जहां एनडीए की सरकारें थीं, वहां ‘प्रो-इनकंबेंसी’ का प्रभाव साफ दिखाई दिया, जबकि जिन राज्यों में सरकारें नहीं थीं, वहां ‘एंटी-इनकंबेंसी’ की प्रवृत्ति नजर आई। उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत को जनविश्वास का प्रमाण बताया, वहीं पुडुचेरी में विकास के विजन को मिले समर्थन का भी उल्लेख किया।

बंगाल, केरल और तमिलनाडु का जिक्र
प्रधानमंत्री ने बंगाल में मिले व्यापक जनसमर्थन को ‘विकास का सूर्योदय’ बताते हुए कहा कि यह राज्य की प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है। केरल और तमिलनाडु के संदर्भ में उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी जन-सरोकार से जुड़े मुद्दों को उठाने की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।

महिला मतदान को बताया बड़ा संकेत
पीएम मोदी ने पत्र में महिलाओं के रिकॉर्ड मतदान की विशेष रूप से सराहना की और इसे ‘विकसित भारत’ की दिशा में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश सरकार पर गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि के लिए और अधिक जिम्मेदारी डालता है।

जनादेश को बताया राष्ट्र निर्माण की शक्ति
प्रधानमंत्री ने अंत में लिखा कि जनता का स्नेह और समर्थन राष्ट्र निर्माण के संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने डॉ. कुलदीप सोलंकी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।

Related Articles

Back to top button