ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का भव्य स्वागत, शाम को करेंगी ज्योतिर्लिंग दर्शन; सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

इंदौर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार दोपहर पावन ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर पहुंचीं, जहां उनके स्वागत के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष व्यवस्था की गई थी। कोठी हेलीपैड पर आगमन के बाद उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। इस दौरान सबसे अधिक चर्चा एक अनोखी भेंट की रही, जिसे खंडवा की विधायक कंचन मुकेश तनवे ने राष्ट्रपति को सौंपा।
फूलों के पारंपरिक गुलदस्ते की जगह विधायक ने पेन, पेंसिल, कॉपी और रबर से तैयार विशेष बुके राष्ट्रपति को भेंट किया। इसके साथ उन्होंने आग्रह किया कि यह शैक्षणिक सामग्री किसी जरूरतमंद विद्यार्थी तक पहुंचाई जाए। राष्ट्रपति ने इस पहल की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि यह सामग्री किसी जरूरतमंद छात्र को दी जाएगी। उन्होंने इसे शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा प्रेरणादायक प्रयास बताया।
हाई कोर्ट खंडपीठ से जोड़ने की मांग भी उठी
राष्ट्रपति के स्वागत कार्यक्रम के दौरान पंधाना विधायक छाया मोरे ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर खंडवा और बुरहानपुर जिलों को इंदौर हाई कोर्ट खंडपीठ के अधिकार क्षेत्र से जोड़ने की मांग रखी। इस मुद्दे को क्षेत्रीय जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया गया।
कड़े सुरक्षा घेरे में एनएचडीसी गेस्ट हाउस पहुंचीं राष्ट्रपति
हेलीपैड से राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एनएचडीसी गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां उनके विश्राम की व्यवस्था की गई है। लगभग 60 वाहनों के काफिले के साथ तय मार्ग से उनका आवागमन कराया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की विशेष निगरानी रही और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
शाम को ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग में करेंगी पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शाम करीब साढ़े छह बजे भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती में शामिल होंगी। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका औपचारिक स्वागत और सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्राकृतिक नर्मदेश्वर शिवलिंग भेंट किए जाने की भी तैयारी है।
सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में रहेंगी मुख्य अतिथि
राष्ट्रपति ओंकारेश्वर में रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 19 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह सुबह 11:30 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगी।
श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए ओंकारेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। सुरक्षा कारणों से गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे से शाम सात बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद रखी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने मंदिर क्षेत्र के आसपास स्थित दुकानों और मकानों की भी जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।



