अपराधमध्य प्रदेश

संबंध बनाने के लिए बुलाया था; MP के कटनी में क्यों शिवानी ने प्रदीप को मार डाला

मध्य प्रदेश के कटनी में एक फोटोग्राफर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कथित प्यार के जाल और शारीरिक संबंध की लालसा में महिला के घर गए युवक को इसलिए मार डाला गया क्योंकि उसने पैसों वाली डिमांड पूरी नहीं की। घटना कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र के प्रेमनगर की है। शुक्रवार रात हुए कत्ल की खौफनाक कहानी का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला शिवानी जायसवाल, उसके पति विपिन दुबे और भाई मनीष जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।

पड़ोसी से मेहमानों के नाम पर लिया कमरा
मामले की जांच कर रहे एएसआई नरेश झरिया ने बताया कि घटना 17 अप्रैल रात करीब 9 बजे की है। आरोपी शिवानी जायसवाल ने अपनी पड़ोसी शीला यादव से यह कहकर कमरा मांगा था कि उसके कुछ मेहमान आ रहे हैं, जिनसे निजी बातचीत करनी है। पड़ोसी होने के नाते शीला ने उन्हें कमरा दे दिया था।

शारीरिक संबंध बनाने का लालच देकर घर बुलाया
मृतक की पहचान प्रदीप साहू (23) निवासी पहरिया (बड़वारा) के रूप में हुई। वह पेशे से फोटोग्राफर था। थाना प्रभारी रूपेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच से पता चला कि प्रदीप साहू को शिवानी जायसवाल ने फोन कर शारीरिक संबंध बनाने का लालच देकर शीला यादव नामक महिला के घर बुलाया था।

7000 रुपए को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी शिवानी जायसवाल ने स्वीकार किया कि वह मृतक को एक साल से जानती थी और फोन पर संपर्क में थी। महिला का आरोप है कि प्रदीप ने शारीरिक संबंध के बदले 7 हजार रुपए देने का वादा किया था, लेकिन वह पैसे लेकर नहीं आया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई। उसके पति विपिन दुबे और भाई मनीष जायसवाल के साथ मिलकर शिवानी ने प्रदीप को जान से मार डाला। आरोपियों ने डंडों और चाकू (छुरे) से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल प्रदीप जान बचाने के लिए मकान से बाहर भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर सड़क पर गिर गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से डंडा, छुरा और मृतक का मोबाइल बरामद किया है।

तीनों आरोपियों को भेजा जेल
एएसपी डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा डायल-112 को सूचना दिए जाने के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button