पन्ना की धरती ने फिर उगले हीरे, महिला की चमकी किस्मत; 2 दिन में मिले 4 बेशकीमती डायमंड

पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में हीरा खदान में करीब छह महीने से पति के साथ मेहनत कर रही झांसी की गुड्डी देवी की किस्मत अचानक चमक गई। दो दिनों के भीतर उन्हें चार हीरे मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सरकोहा क्षेत्र की पट्टा खदान से मिले इन हीरों का कुल वजन 5.16 कैरेट है और इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
सोशल मीडिया पर खबर देखकर पन्ना पहुंचा दंपति
गुड्डी देवी और उनके पति राजकुमार श्रीवास ने बताया कि झांसी में आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और काम भी अच्छा नहीं चल रहा था। इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर पन्ना में हीरे मिलने से जुड़ी खबरें देखीं। इसके बाद दोनों ने पन्ना आकर किस्मत आजमाने का फैसला किया।
दंपति अपने बच्चों के साथ गुड्डी देवी के मायके पन्ना पहुंचे और खदान पट्टे पर लेकर खुद खुदाई का काम शुरू किया। करीब छह महीने तक लगातार मेहनत करने के बाद आखिरकार उन्हें बड़ी सफलता मिली।
दो दिन में मिले चार हीरे
करीब छह महीने की मेहनत के बाद दंपति को महज दो दिनों में चार हीरे मिले। इनमें 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो हीरे अच्छी गुणवत्ता के बताए गए हैं। वहीं 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो हीरे मध्यम गुणवत्ता के हैं।
हीरे मिलने की सूचना के बाद हीरा पारखी अनुपम सिंह गांधी जयंती के अवकाश के बावजूद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सभी हीरों को आधिकारिक रूप से जमा कराया। अधिकारियों के मुताबिक, इन हीरों को आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा।
नीलामी से मिलने वाली रकम में से शासकीय रॉयल्टी और कर की कटौती की जाएगी। इसके बाद बची हुई राशि संबंधित खदान पट्टाधारक को सौंप दी जाएगी।
बच्चों की पढ़ाई और कारोबार पर खर्च करेंगे रकम
दंपति ने चार हीरे मिलने को अपनी मेहनत और ईश्वर की कृपा का नतीजा बताया है। उनका कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए किया जाएगा।
इसके साथ ही वे परिवार का भविष्य सुरक्षित करने और अपना कारोबार आगे बढ़ाने में भी इस रकम का इस्तेमाल करेंगे। छह महीने की मेहनत के बाद एक साथ चार हीरे मिलने से दंपति के परिवार में खुशी का माहौल है।



