फिलीपींस में यात्री फेरी में भीषण आग, 5 लोगों की मौत; 80 से ज्यादा लापता, 134 लोग थे सवार

मनीला: फिलीपींस के पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। राजधानी मनीला से पालवान प्रांत के कोरोन जा रही यात्री फेरी ‘एमवी जून एस्टर’ में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 80 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। फिलीपींस कोस्ट गार्ड की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
फेरी में 134 लोग थे सवार, 42 को बचाया गया
फिलीपींस कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब ने एक रेडियो साक्षात्कार में बताया कि हादसे के समय फेरी में कुल 134 लोग सवार थे। इनमें 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य शामिल थे। अब तक 42 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार करीब 87 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि, बचाव अभियान अभी जारी है, इसलिए लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
कोरोन द्वीप के पास पहुंचते ही भड़की आग
तटरक्षक बल के मुताबिक ‘एमवी जून एस्टर’ मनीला से रवाना हुई थी। बुधवार को जब फेरी पालवान प्रांत के कोरोन द्वीप के पास पहुंची, तभी उसमें अचानक आग लग गई। आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है।
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में कोस्ट गार्ड के कर्मचारी समुद्र में मौजूद लोगों की ओर लाइफ जैकेट फेंकते नजर आए। वहीं, पीछे फेरी धधकती दिखाई दे रही थी। बचाव अभियान में छोटी नावों की भी मदद ली गई, जिनके जरिए बचे हुए लोगों को कम गहरे पानी की ओर ले जाया गया।
फिलीपींस में फेरी से सफर आम, हादसों का भी रहा है इतिहास
फिलीपींस में बड़ी संख्या में द्वीप होने के कारण फेरी परिवहन का प्रमुख और आम साधन है। हालांकि, देश में समुद्री हादसे भी होते रहे हैं। तूफान, नावों का खराब रखरखाव, क्षमता से अधिक यात्रियों का सवार होना और सुरक्षा नियमों का पर्याप्त पालन नहीं होना ऐसे हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल रहे हैं, खासकर दूर-दराज के इलाकों में। फिलहाल कोस्ट गार्ड की टीमें लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं।



