उत्तर प्रदेशफीचर्डलखनऊ

रोजा इफ्तार में भाईचारा कायम रखने की दुआ

दस्तक ब्यूरो

Roza_Iftar_-_UP_Zila_Association-2लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजेन्द्र नगर द्वारा आज सायं विद्यालय प्रांगण में आयोजित ‘रोजा-इफ्तार’ भाईचारा कायम रखने की दुआ के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री इकबाल महमूद ने कहा कि रोजा इफ्तार में एकता, मैत्री व सामाजिक सद्भाव की जो भावना यहाँ दिखाई दे रही है, उसका सम्पूर्ण प्रदेश व देश में विस्तार हो, ऐसी मेरी कामना है। इस भव्य आयोजन हेतु सी.एम.एस. की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि सी.एम.एस. अपने सामाजिक एवं साँस्कृतिक दायित्व पूरी जिम्मेदारी से निभा रहा है एवं समाज का अमन-चैन व भाईचारे संदेश दे रहा है। इस विशाल रोजा इफ्तार की विशेषता रही कि इसमें विभिन्न धर्मो एवं सम्प्रदायों के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रोजा इफ्तार के उपरान्त तमाम रोजेदारों ने नमाज अदा करते हुए देश व समाज में भाईचारा कायम रखने की दुआ की। इस अवसर पर संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि मोहम्मद साहब ने अनेक कष्ट उठाकर दुनिया को बताया कि खुदा के वास्ते एक-दूसरे के साथ दोस्ती से रहो। मोहम्मद साहब की शिक्षायें किसी एक धर्म-जाति के लिए नहीं वरन् सारी मानव जाति के लिए है। मोहम्मद साहब की बात को मानकर जो भी भाईचारे की राह पर चलेगा उसका भला होगा। मोहम्मद साहब ने अपनी शिक्षाओं द्वारा विश्व बन्धुत्व का सन्देश सारी मानव जाति को दिया। मुसलमान बनने के लिए अल्ला की शिक्षाओं पर चलना जरूरी है। इस अवसर पर सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर (प्रथम कैम्पस) की वरिष्ठ प्रधानाचार्या सुश्री दीपा तिवारी ने रमजान-उल-मुबारक के मौके पर पधारने हेतु सभी को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके अलावा आज सायं सी.एम.एस. स्टेशन रोड कैम्पस द्वारा भी रोजा-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती बोनिता जोएल ने रोजेदारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी में भौतिक, सामाजिक तथा आध्यात्मिक दृष्टि से सफल होने के लिए हमें इस युग का ज्ञान तथा इस युग की बुद्धिमत्ता चाहिए परन्तु धार्मिक एकता के बिना यह संभव नहीं है।

Related Articles

Back to top button