
सपा सांसद प्रिया सरोज ने क्रिकेटर रिंकू सिंह संग की सगाई
18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में बजेगी शहनाई
लखनऊ : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई का खास दिन आखिरकार आ ही गया। प्रशंसकों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहा। 8 जून 2025 को दोनों की सगाई का कार्यक्रम लखनऊ स्थित पांच सितारा होटल में संपन्न हुआ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विशेष रुप से इस कार्यक्रम के साक्षी बने। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज अपनी सगाई समारोह में काफी खूबसूरत दिखे। प्रिया सरोज इमोशनल दिखाई दीं। दोनों की सगाई लखनऊ स्थित पांच सितारा होटल ‘द सेंट्रम’ में हुई। इस समारोह में प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी मौजूद रहे। इसके अलावा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिम्पल यादव और सांसद जया बच्चन भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज भी समाजवादी पार्टी के नेता हैं। वह तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी से विधायक हैं। तूफानी सरोज 1999 में सैदपुर, 2004 में गाजीपुर और 2009 में मछली शहर से सांसद बने थे। प्रिया ने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है और वह सुप्रीम कोर्ट में वकील रह चुकी हैं। वह देश की सबसे युवा सांसद भी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रिया ने रिंकू को पहनाने के लिए कोलकाता से अंगूठी खरीदी है, जबकि रिंकू ने प्रिया के लिए मुंबई से अंगूठी मंगवाई है। दोनों अंगूठियों की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है।

27 वर्षीय रिंकू ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से लगातार 5 छक्के जड़कर सबका ध्यान खींचा था। उसके बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली थी। वह अब टीम में एक फिनिशर के रूप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। वह भारत के लिए 2 वनडे मैचों में 27.50 की औसत से 55 रन और 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 46.09 की दमदार औसत से 507 रन अपने नाम कर चुके हैं। जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी सांसद प्रिया सरोज की रिंग सेरेमनी 8 जून को लखनऊ में हो गयी। शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज से होगी। इसमें क्रिकेट के सितारे, फिल्म जगत की हस्तियों और उद्योगपतियों का जमावड़ा रहेगा।