देहरादून: अंबाला में उत्तराखंड के युवक साहिल बिष्ट की हत्या की घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर वार्ता की। मुख्यमंत्री धामी ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं कठोरतम दंड सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया।
इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इस पूरे मामले में हर संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ है तथा परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि विकासखंड भिलंगना की पट्टी बासर, तहसील बालगंगा क्षेत्र में ग्राम पंचायत तिसरियाड़ा निवासी साहिल बिष्ट (30) पुत्र देवराज सिंह बिष्ट की हरियाणा के अंबाला में लूट के इरादे से निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार साहिल बिष्ट अंबाला में एक होटल में कार्य करता था। बीते बुधवार 13 अगस्त को रोजाना की तरह वह रात ड्यूटी समाप्त कर अपने कमरे की ओर जा रहा था। लेकिन इस दौरान बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।