
पंजाब के मानसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में दादी के साथ गई एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले सिविल अस्पताल बुढलाडा में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे पटियाला रेफर कर दिया गया।
खेत में खेल रही थी बच्ची, अचानक कुत्तों ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक बुढलाडा के गांव बच्छोआना की रहने वाली तीसरी कक्षा की छात्रा सुखमन कौर अपनी दादी के साथ खेत गई थी। दादी खेत में काम करने लगीं, तभी पास में घूम रहे आवारा कुत्तों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची के सिर, बाजू, टांग, जांघ और पीठ को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने बचाई जान
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत सिविल अस्पताल बुढलाडा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
शरीर पर 8 जगह काटने के निशान, हालत गंभीर
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के शरीर पर कुत्तों के काटने के आठ गहरे निशान पाए गए हैं। हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया है। अस्पताल के एसएमओ डॉ. सरबजीत सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है।
पहले भी हो चुके हैं हमले, लोगों में दहशत
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक पहले से ही बना हुआ है और कई लोग इनका शिकार हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांवों और शहरों में घूम रहे आवारा कुत्तों पर जल्द नियंत्रण किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
हर दिन सामने आ रहे काटने के मामले
बुढलाडा के सिविल अस्पताल में रोजाना 10 से ज्यादा कुत्तों के काटने के मामले सामने आ रहे हैं। इसके अलावा बिल्ली और बंदरों के काटने के अलग मामले भी दर्ज किए जाते हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।



