उत्तराखंड

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन शुरू, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के आधिकारिक शुभंकर “क्यालु- हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह और जोश इस बात का प्रमाण है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा भरपूर है।

सीमांत क्षेत्रों में विकास का नया माध्यम बनेगा आयोजन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार का आयोजन केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन इलाकों में दौड़ने के लिए बुलंद हौसलों और हिमालय जैसी दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है।

उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में यही युवा नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे।

27 राज्यों और 2 देशों से पहुंचे प्रतिभागी

मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महाआयोजन के लिए देश के 27 राज्यों और 2 अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने इसे युवाओं के बीच एडवेंचर स्पोर्ट्स और अल्ट्रा रन के बढ़ते आकर्षण का बड़ा संकेत बताया।

उन्होंने कहा कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की पावन और दुर्गम धरती पर होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के खेल और एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने का कार्य करेगा।

सीमांत गांवों को नई पहचान देने की पहल

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का भी उल्लेख किया, जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम नहीं बल्कि पहला गांव बताया गया है। उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन उसी सोच को आगे बढ़ाने वाला आयोजन है, जो सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन राज्य की शक्ति, क्षमता और संभावनाओं का बड़ा प्रतीक बनेगा।

फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियान को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों ने खेल और फिटनेस को जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लें और सुरक्षित रूप से इसे पूरा कर नीति घाटी में नया इतिहास रचें।

कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button