
नई दिल्ली: सुरक्षा बलों के जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ब्रह्मा कुमारी संस्था के सुरक्षा सेवा प्रभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 10 दिवसीय ‘मेंटल वेलनेस कार अभियान’ की शुरुआत की है। हरिनगर स्थित राजयोग मेडिटेशन सेवा केंद्र से रविवार को शुरू हुआ यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सेना, नौसेना, वायुसेना, पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के लिए तनाव प्रबंधन और राजयोग मेडिटेशन पर आधारित 80 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रजत जयंती वर्ष पर शुरू किया गया विशेष अभियान
यह अभियान सुरक्षा सेवा प्रभाग के 25वें स्थापना वर्ष यानी रजत जयंती के अवसर पर शुरू किया गया है। संस्था का उद्देश्य सुरक्षाबलों के कर्मियों के बीच मानसिक स्वास्थ्य, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है, ताकि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वे बेहतर निर्णय लेने में सक्षम हो सकें।
किरण बेदी ने मानसिक सशक्तीकरण को बताया राष्ट्र निर्माण की नींव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने तिहाड़ जेल में 33 वर्ष पहले ब्रह्मा कुमारी संस्था के सहयोग से शुरू हुए आध्यात्मिक सुधार कार्यक्रमों को याद किया। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से सशक्त नागरिक और सुरक्षाकर्मी ही सशक्त भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं।
राजयोग और मेडिटेशन से तनाव पर नियंत्रण का संदेश
हरिनगर सब-जोन की निदेशक राजयोगिनी बीके शुक्ला ने ‘जैसा अन्न, वैसा मन’ के सिद्धांत को समझाते हुए आत्म-परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, मुख्य वक्ता मनोवैज्ञानिक डॉ. स्वामीनाथन ने भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए कहा कि मेडिटेशन तनाव और क्रोध पर नियंत्रण पाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने ध्यान की उपयोगिता पर रखे विचार
कार्यक्रम में भारतीय नौसेना के पूर्व उप-प्रमुख वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) एसएन घोरमड़े और आईडीएएस डॉ. वंदना ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सही निर्णय लेने के लिए ध्यान और मानसिक संतुलन बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
20 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों को मिल चुका लाभ
पश्चिमी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त जतिन नरवाल ने पुलिस सेवा जैसी चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया। वहीं, आयोजन से जुड़े कर्नल राजीव सिंह ने बताया कि सुरक्षा सेवा प्रभाग के सहयोग से अब तक 20 हजार से अधिक पूर्व सैनिक लाभान्वित हो चुके हैं।
सामूहिक ध्यान के साथ अभियान की हुई शुरुआत
कार्यक्रम के समापन पर राजयोग विशेषज्ञ बीके दीपा ने उपस्थित लोगों को सामूहिक ध्यान का अभ्यास कराया। इसके बाद मेंटल वेलनेस कार अभियान से जुड़ी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।



